राहुल गांधी और राकेश टिकैत ने कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर बयान को बताया किसानों का अपमान……..?

किसान आंदोलन को लेकर भाजपा सांसद कंगना रनौत के विवादित बयान पर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का दुष्प्रचार तंत्र लगातार किसानों का अपमान कर रहा है।

Rahul Gandhi jabs BJP over Kangana Ranaut/the news path
राहुल गांधी और राकेश टिकैत ने कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर बयान को बताया किसानों का अपमान/ photo credit social media

उन्होंने इसे भाजपा की किसान विरोधी नीयत का सबूत बताया। वहीं, राकेश टिकैत ने कंगना के बयान को शहीद किसानों और देश के करोड़ों किसानों का अपमान करार दिया है।

https://youtu.be/P0Gzu3cJ7BQ?si=Of1uEcGuQnhcGDLh

राहुल गांधी ने कंगना के बयान को लेकर X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी सरकार किसानों से किए वादे पूरे करने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 700 से अधिक किसानों की जान जाने के बाद भी सरकार के प्रवक्ता किसानों का चरित्र हनन कर रहे हैं।

राहुल ने कहा कि भाजपा सांसद द्वारा किसानों को बलात्कारी और विदेशी ताकतों का एजेंट बताना भाजपा की किसान विरोधी नीतियों का प्रमाण है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इसके साथ ही, राहुल ने किसान आंदोलन के बाद गठित सरकारी कमेटी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर केंद्र सरकार के रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के बाद बनाई गई सरकारी कमेटी आज तक निष्क्रिय है, और MSP को लेकर भी सरकार का रुख अस्पष्ट है।

उन्होंने कहा कि शहीद किसानों के परिवारों को कोई राहत नहीं मिली, और उनका अपमान जारी है। राहुल ने मोदी सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चाहे जितनी भी साजिशें रची जाएं, किसानों के लिए MSP की कानूनी गारंटी सुनिश्चित की जाएगी।

राकेश टिकैत ने भी कंगना रनौत के बयान की निंदा की है। उन्होंने अपने X पोस्ट में कहा कि 13 महीने तक चले किसान आंदोलन में 400 से अधिक किसान संगठन और लाखों किसानों की मौजूदगी के बावजूद कोई हिंसा नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि 700 से ज्यादा किसानों की शहादत के बावजूद किसानों ने धैर्य बनाए रखा, और कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर किया। टिकैत ने कंगना के बयान को शहीद किसानों और देश के करोड़ों किसानों का अपमान बताया।

दूसरी ओर, भाजपा ने कंगना रनौत के बयान से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी का कहना है कि किसान आंदोलन पर कंगना का बयान पार्टी की आधिकारिक राय नहीं है, और उन्हें भविष्य में इस तरह के बयान देने से बचने की हिदायत दी गई है।

विपक्ष ने भी इस बयान पर हमला बोलते हुए कंगना पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कंगना के विदेशी ताकतों वाले बयान पर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा है। पंजाब के कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने कंगना के खिलाफ FIR दर्ज करने और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की मांग की है।

कंगना रनौत ने हाल ही में अपने X हैंडल पर एक वीडियो री-पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने किसान आंदोलन की तुलना बांग्लादेश के हालात से की थी। उन्होंने दावा किया कि किसान आंदोलन के दौरान वहां लाशें लटकी थीं और रेप हो रहे थे। कंगना ने इसे एक षड्यंत्र बताया और कहा कि यह चीन, अमेरिका और अन्य विदेशी ताकतों की साजिश थी।

READ MORE : महिलाओं के सार्वजनिक स्थानों पर बोलने पर लगाया प्रतिबंध: तालिबान बोला पुरुषों को विचलित करती है महिलाओं की आवाज़।